जब देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का निधन हुआ, तो उनके बाद आजाद भारत की सत्ता कौन संभालेगा? इस सवाल को देश के हर शख्स ने महसूस किया होगा, लेकिन दो हफ्ते बाद भारत का अगला या दूसरा प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को बनाया गया। लाल बहादुर शास्त्री को उन दिनों लोग भारत के पूर्व गृह मंत्री के तौर पर जानते थे। उन्होंने देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता की लड़ाई में हिस्सा लिया था। आजाद भारत के सपने को पूरा करने के लिए पढ़ाई छोड़ स्वतंत्रता संग्राम के रास्ते में चल पड़े और पहली बार 17 साल की उम्र में जेल गए। उनकी सादगी के कई किस्से हैं। लाल बहादुर शास्त्री की आज पुण्यतिथि है। 11 जनवरी 1966 में उनका निधन हो गया था। हालांकि आज तक देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मौत किन परिस्थितियों में हुई ये आज भी रहस्य बना हुआ है। चलिए जानते हैं कि लाल बहादुर शास्त्री से जुड़ी कुछ रोचक बातें।