Winter Hacks: सर्दी के मौसम में तापमान कम हो जाता है, जिससे ठंड महसूस होती है। शरीर को गर्म रखने के लिए सर्दियों में लोग ऊनी कपड़े पहनते हैं। ऊनी कपड़े शरीर को गर्म रखने में मदद करते हैं, साथ ही सर्द हवाओं से बचाते हैं। हालांकि ऊनी कपड़ों का रखरखाव मुश्किल होता है। इसमें रोए आने या ऊन के खिंचने की संभावना बनी रहती है। रंग भी उतर सकता है। ऐसे में ऊनी कपड़े, जिसमें स्वेटर, कार्डिगन, जैकेट या कोट शामिल है, उसे धुलते समय लोग कुछ विशेष बातों का ध्यान रखते हैं। ऐसे कपड़ों को अक्सर लोग बाजार से ड्राई क्लीन करवाते हैं। हालांकि सर्दियों में ऊनी मोजे भी काफी काम आते हैं। लेकिन कपड़ों की तुलना में मोजे जल्दी खराब हो जाते हैं।
मोजे को सही तरीके से न धुलने के कारण आपके नए और एक या दो बार पहने मोजे पहनने योग्य नहीं रह जाते हैं। मोजे में रोए आ सकते हैं। मोजे का रंग उतर सकता है। मोजे की इलास्टिक खराब हो सकती है यानी वह ढीले हो जाते हैं। ऐसे में सर्दियों में मोजे धोते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखें ताकि आपके महंगे ऊनी मोजे अगले सीजन में भी काम आ सकें।