मोनिका अग्रवाल
आप स्मार्ट हो गई हैं तो आपका घर क्यों पीछे रहे? इसलिए आज ही अपने घर को ‘स्मार्ट होम’ बनाने पर काम करें। कई गैजेट्स ऐसे हैं, जो आपके घर को स्मार्ट बनाएंगे और उसे सुरक्षित रखने में भी मदद करेंगे।
“पता है मंजू मैं जब अपनी बचपन की सहेली सविता के घर गई तो मेरी आंखें ही चुंधिया गई। उसका पूरा का पूरा घर हाईटेक था। हर चीज नए जमाने की थी। वह क्या कहते हैं, हां याद आया ‘स्मार्ट होम’ था उसका घर”, मंजू की सास ने बहू से कहा। इस पर मंजू मुस्कुराते हुए बोली, “हांजी, मम्मी पूरी दुनिया हर दिन नई तकनीक के साथ और भी स्मार्ट होती जा रही है। समय के साथ-साथ ये गैजेट्स हमारे जीवन का जरूरी हिस्सा होते जा रहे हैं। फिर चाहे स्मार्टफोन हो, स्मार्ट प्रोडक्ट्स हो या होम एप्लाइंसेस। जिन के उपयोग में कोई बुराई नहीं है।” सही कहा मंजू ने, यह समय स्मार्ट होम का है। ऐसे में आपका घर भला पीछे क्यों रहे।
घरों को सुरक्षित रखने से लेकर उसे लग्जरी लुक देने के लिए अब कई तरह के स्मार्ट गैजेट्स बहुत ही आसानी से और बजट फ्रेंडली रेंज में उपलब्ध हैं। डोर लॉक से लेकर पंखे, लाइट, पर्दे सभी अब आपके एक ही इशारे पर काम करते हैं। ऐसे में हर गृहणी को इसकी जानकारी होना जरूरी है कि वे अपने घर में कौन से स्मार्ट गैजेट लगवाएं।