भारत के खानपान के बारे में मशहूर है कि ये चटख, तीखा और मिर्च-मसाले से भरपूर होता है। दुनिया में कई और ऐसे देश हैं जहां पर मसालों की मदद से खाने को चटखारेदार बनाया जाता है। मेक्सिकन, चाइनीज और इथियोपियाई व्यंजन अपने तीखेपन के लिए मशहूर हैं। दुनिया के तमाम देशों में तुर्श खाने के शैदाई मिलते हैं। वो ऐसा खाना पसंद करते हैं जो मुंह में आग लगा दे।
समय बिताने के तमाम नुस्खों में एक मशहूर नुस्खा दुनिया की सबसे तीखी मिर्चों के बारे में चर्चा करना भी है। लोग ऐसे ही व्यंजनों के बारे में बात करते हैं। किसी को आंध्र प्रदेश का रसम बेहद तीखा लगता है, तो किसी को पंजाबी छोले। किसी को भूत झोलकिया दुनिया की सबसे तीखी मिर्च लगती है, तो किसी को मेक्सिकन चिली।