बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी भले ही फिल्मों की दुनिया से दूर हो, लेकिन अपनी फिटनेस को लेकर वह हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। शिल्पा बहुत फूडी हैं, लेकिन बावजूद इसके वह बहुत फिट रहती हैं। वह अपनी डाइट को संतुलित रखना अच्छे से जानती हैं। शिल्पा खुद तो फिट रहती ही हैं, साथ ही दूसरों को भी अच्छी सेहत के प्रति जागरूक करने में कोई कसर नहीं छोड़तीं। शिल्पा इन दिनों अपने यूट्यूब चैनल 'द शिल्पा शेट्टी चैनल' पर लोगों को स्वस्थ रहने के टिप्स दे रही हैं।
आज हम आपको शिल्पा शेट्टी की इडली रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें उन्होंने एक नया ट्विस्ट देकर इसे हेल्दी बना दिया है। इसका स्वाद भी अच्छा होगा। साथ ही यह वजन कम करने में भी मददगार है।
सामग्री:
ओट्स पाउडर- 2 कप (रोस्टेड)
हरा धनिया- 1/4 कप
हल्दी पाउडर- 1/2 टीस्पून
हरी मिर्च- 1,1/2 (कटी हुई)
नमक- 1/2 टीस्पून
पानी- जरूरत अनुसार
रवा या सूजी- 1/2 कप
दही- 1 कप
गाजर- 1 कप (कद्दूकस किए हुए)
तड़के के लिए
नारियल तेल- 1,1/2 टीस्पून
राई- 1/2 टीस्पून
उड़द दाल- 1/2 टीस्पून
चना दाल- 1/2 टीस्पून
करी पत्ता- 4-5
बनाने का तरीका
एक कटोरे में सारी सामग्री और पानी डालकर अच्छी तरह मिक्स करके पतला बैटर तैयार कर लें। अब इसे 20 मिनट के लिए साइड में रख दें। तब तक आप तड़का तैयार कर लें। इसके लिए पैन में तेल गर्म करके उसमें राई, उड़द दाल, चना दाल और करी पत्ता डालकर फ्राई करें और फिर इसे बैटर में मिक्स करें। इडली ट्रे में ऑयल ग्रीसिंग करके इसमें बैटर डालें और 10 मिनट तक स्टीमर में भाप लगवाएं। आपकी इडली तैयार है। अब इसे नारियल की चटनी या सांभर के साथ खा सकते हैं।