Homemade Amla Launji: सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजे आंवले मिलने लगते हैं। आंवला स्वाद में खट्टा और कसैला जरूर होता है, लेकिन इससे कई तरह की स्वादिष्ट डिश तैयार की जा सकती हैं। आमतौर पर लोग आंवले का अचार, मुरब्बा और कैंडी खाना पसंद करते हैं, लेकिन अगर आप कुछ अलग और चटपटा ट्राई करना चाहते हैं तो गुड़ वाली आंवले की लौंजी एक बेहतरीन विकल्प है। इसका स्वाद खट्टा, मीठा और हल्का तीखा होता है, जो खाने का जायका बढ़ा देता है।
आंवले की लौंजी की खासियत यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसमें आंवले की खटास को गुड़ की मिठास के साथ मिलाया जाता है और सरसों के तेल तथा पारंपरिक मसालों का तड़का इसका स्वाद और भी खास बना देता है। इसे आप गर्मागर्म पराठे, पूरी, रोटी या दाल-चावल के साथ परोस सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती। अगर इस सर्दी आप रोजाना के खाने में कुछ नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो गुड़ वाली आंवले की लौंजी जरूर बनाकर देखें। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।