होली आ गई है और त्योहार का स्वाद बढ़ाने के लिए आपने मावा और मैदा तो मंगवा ही लिया होगा। गुजिया बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी होगी। दादी नानी की रेसिपीज हो या यूट्यूब हो, गुजिया बनाना तो आप कहीं से भी सीख लेते हैं लेकिन उसे तलते समय छोटी सी चूक से गुजिया फट सकती है। गुजिया तलते समय अगर एक भी गुजिया फट जाए तो कढ़ाई का तेल, स्वाद और मेहनत तीनों खराब हो सकती है।
दरअसल, गुजया फटने से खोया और भरावन बाहर निकलकर तेल में फैल जाता है। नतीजा, तेल काला हो जाता है, बाकी गुजिया भी खराब होने लगती हैं और स्वाद व शेप दोनों बिगड़ जाते हैं। लोगों को ये नहीं पता होता कि अगर गुजिया तलते समय फट जाए तो क्या करना चाहिए? इस लेख में आपको बताया जा रहा है गुजिया बनाने के लिए कुछ ऐसे टिप्स जो आपकी गुजिया के स्वाद, तेल और मेहनत तीनों को बचाएंगे।
गुजिया फूटती क्यों है?
सबसे पहले तो ये जान लीजिए कि गुजिया फटती क्यों हैं? कारण समझकर आप गुजिया फटने से रोक सकते हैं।
- गुजिया के किनारे ठीक से सील नहीं हुए
- भरावन ज्यादा भर दी गई
- मैदा का आटा बहुत ढीला था
- तेल बहुत ज्यादा गरम था
- गुजिया में नमी रह गई थी।