दुनियाभर में तेजी से बढ़ते प्रदूषण का शरीर के जिन अंगों पर सबसे ज्यादा असर देखा जाता रहा है- फेफड़े उनमें से एक हैं। फेफड़ों में होने वाली किसी भी तरह की समस्या का असर ऑक्सीजन की आपूर्ति को बाधित कर सकता है, जिसका पूरे शरीर की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव देखा जाता है। शरीर के इस अति महत्वपूर्ण अंग की सेहत पर अक्सर हम सभी बहुत ध्यान नहीं देते हैं, जिसके कारण दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
डॉक्टर्स कहते हैं, प्रदूषण के बढ़ते जोखिम को ध्यान में रखते हुए फेफड़ों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना महत्वपूर्ण है। फेफड़ों की बढ़ती बीमारियों को कम करने और इस अंग की सेहत को बेहतर बनाए रखने के उपायों के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हर साल 25 सितंबर को वर्ल्ड लंग डे मनाया जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हमारे शरीर में एक प्राकृतिक रक्षा प्रणाली है जिसे फेफड़ों की सुरक्षा के लिए डिज़ाइन किया गया है, ये गंदगी और कीटाणुओं से फेफड़ों को सुरक्षित रखने में मदद करती है। हालांकि हमारे दिनचर्या की कई गड़गड़ आदतों के कारण फेफड़ों की सेहत प्रभावित होती जा रही है, जिसपर सभी लोगों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आइए जानते हैं कि किन बातों को ध्यान में रखकर फेफड़ों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिल सकती है?