Kidney Cancer Day: कैंसर वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है। हर साल तमाम प्रकार के कैंसर के कारण लगभग एक करोड़ लोगों की मौत हो जाती है। इस बीमारी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त बोझ भी बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि कैंसर शरीर के कई हिस्सों में हो सकता है। किडनी में कैंसर होने के मामलों में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से वृद्धि हुई है।
किडनी कैंसर, विशेष रूप से रीनल सेल कार्सिनोमा, दुनियाभर में 13वां सबसे आम कैंसर है। यह सभी नए कैंसर मामलों का लगभग 2.4% है। वैश्विक स्तर पर, हर साल किडनी कैंसर के 4 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आते हैं और 1.75 लाख लोगों की मौत हो जाती है। आंकड़ों के मुताबिक पश्चिमी देशों में, खासतौर पर यूरोप, उत्तरी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और जापान में किडनी कैंसर का जोखिम सबसे ज्यादा देखा जा रहा है।
किडनी कैंसर के बढ़ते जोखिमों, रोगियों की देखभाल और इस बीमारी के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल जून महीने के तीसरे गुरुवार को विश्व किडनी कैंसर दिवस मनाया जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हमारी कुछ गड़बड़ आदतें और लापरवाही के कारण इस कैंसर का जोखिम बढ़ गया है जिसको लेकर सभी लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।