Hidden Hearing Loss Symptoms : हर साल 3 मार्च को दुनिया भर में विश्व श्रवण दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य सुनने से जुड़ी समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है। अक्सर यह देखने को मिलता है कि कुछ लोगों को थोड़ी बहुत भीड़भाड़ वाली जगह पर भी दूसरों की बात सुनने या समझने में कठिनाई महसूस होती है, जबकि शांत कमरे में सब कुछ साफ सुनाई देता है।
अगर बहुत भीड़ भाड़ वाली जगह है अधिक शोर है तो ऐसा होना सामान्य है, मगर थोड़ी बहुत शोर में भी सुनने में परेशानी हो रही है तो ये 'हिडन हियरिंग लॉस' या 'ऑडिटरी प्रोसेसिंग डिसऑर्डर' का संकेत हो सकता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि सामान्य हियरिंग टेस्ट में अक्सर यह समस्या पकड़ में नहीं आती क्योंकि व्यक्ति को धीमी आवाजें तो सुनाई देती हैं, लेकिन उसका मस्तिष्क शोर के बीच शब्दों को अलग करने की क्षमता खोने लगता है।
विशेषज्ञों के अनुसार यह समस्या आधुनिक जीवनशैली में हेडफोन के अत्यधिक उपयोग और बढ़ते ध्वनि प्रदूषण के कारण कम उम्र के लोगों के बीच तेजी से फैल रही है। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह भविष्य में स्थायी बहरेपन का कारण बन सकता है।