World Diabetes Day 2024: डायबिटीज का खतरा दुनियाभर में तेजी से बढ़ता जा रहा है। अगर आप भी इसे उम्र बढ़ने के साथ होने वाली बीमारी मानते हैं तो सावधान हो जाइए, ये बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक किसी को भी हो सकती है। अक्सर ब्लड शुगर बढ़े रहने की ये बीमारी शरीर को कई प्रकार से प्रभावित करने लगती है। अगर ये अनियंत्रित बनी रहती है तो समय के साथ किडनी, आंख, पाचन और शरीर के कई अंगों के लिए दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
डायबिटीज का मतलब है कि आपका शरीर पर्याप्त या बिल्कुल भी इंसुलिन का उत्पादन नहीं कर पा रहा है या फिर उत्पादित इंसुलिन का सही तरीके से शरीर में उपयोग नहीं हो पा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं जिन लोगों के परिवार में पहले से किसी को डायबिटीज की दिक्कत रही है उन्हें विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है।
वैश्विक स्तर पर बढ़ती इस गंभीर और क्रोनिक बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करने, इससे बचाव को लेकर लोगों को शिक्षित करने के उद्देश्य से हर साल
14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। वैसे तो टाइप-2 डायबिटीज के मामले सबसे ज्यादा देखे जाते रहे हैं, पर क्या आप जानते हैं कि डायबिटीज के कई और भी प्रकार होते हैं? आइए जानते हैं कि मधुमेह कितने प्रकार का होता है और इससे बचाव के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?