Mouth Ulcer Not Healing For 3 Weeks: मुंह में छाले होना एक आम समस्या है, जो अक्सर पेट की खराबी, विटामिन की कमी या गलती से गाल कट जाने के कारण होती है। सामान्य छाले आमतौर पर एक से दो सप्ताह में अपने आप ठीक हो जाते हैं। हालांकि अगर आपके मुंह का कोई हिस्सा लंबे समय से 'पका' हुआ है या कोई छाला तीन सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ठीक नहीं हो रहा है, तो इसे बिल्कुल भी हल्के में न लें।
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यह ओरल कैंसर का प्रारंभिक लक्षण हो सकता है। भारत में मुंह का कैंसर एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या है, जिसका मुख्य कारण तंबाकू, गुटखा और सुपारी का अत्यधिक सेवन है। कैंसर की शुरुआत अक्सर एक बिना दर्द वाले सफेद या लाल धब्बे से होती है, जिसे लोग छाला समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। समय रहते इसकी पहचान न होने पर यह जबड़े और गले तक फैल सकता है। इसलिए, मुंह के भीतर किसी भी असामान्य बदलाव को गंभीरता से लेना और डॉक्टर से परामर्श करना जीवन रक्षक साबित हो सकता है।