कई अध्ययन इस बात को लेकर लगातार अलर्ट करते रहे हैं कि जिस तरह से ऑफिस में लोगों का पूरा दिन बैठे-बैठे निकल जाता है, इसके कई खतरे हो सकते हैं। 8-9 घंटे की डेस्क जॉब के दौरान अक्सर सीट पर बैठे रहना मोटापा बढ़ाने से लेकर डायबिटीज-हार्ट सहित कई बीमारियों का खतरा बढ़ाता जा रहा है।
विशेषज्ञ कहते हैं, आधुनिक जीवनशैली ने लोगों की शारीरिक गतिविधियों को काफी कम कर दिया है। पहले जहां लोग खूब पैदल चलते थे, सीढ़ियां चढ़ते थे या शारीरिक मेहनत करते थे, वहीं अब ज्यादातर समय कुर्सी पर बैठकर गुजर जाता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का भी कहना है कि शारीरिक निष्क्रियता दुनियाभर में समय से पहले होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है। यदि आप रोजाना 8 घंटे या उससे अधिक समय ज्यादातर बैठे-बैठे बिता देते हैं तो ये आपके शरीर में कई बीमारियों की एंट्री के लिए रास्ता खोल देता है।