Symptoms of Thyroid in Women: थायराइड एक छोटी सी तितली के आकार की ग्रंथि है जो हमारी गर्दन के निचले हिस्से में स्थित होती है। हालांकि यह ग्रंथि छोटी है, लेकिन यह शरीर के मेटाबॉलिज्म, एनर्जी लेवल और हृदय गति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आंकड़े बताते हैं कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को थायराइड विकार होने की आशंका कई गुना अधिक होती है।
इसका मुख्य कारण महिलाओं के शरीर में होने वाले जटिल हार्मोनल उतार-चढ़ाव हैं। प्यूबर्टी (किशोरावस्था), मासिक धर्म चक्र, गर्भावस्था और मेनोपॉज के दौरान एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन में होने वाले बदलाव थायराइड ग्रंथि के कामकाज को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं।
जब यह ग्रंथि जरूरत से ज्यादा (हाइपरथायरायडिज्म) या बहुत कम (हाइपोथायरायडिज्म) हार्मोन बनाती है, तो वजन बढ़ना, थकान, बालों का झड़ना और अनियमित पीरियड जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। महिलाओं में इस समस्या की अधिकता का एक बड़ा कारण उनकी प्रतिरक्षा प्रणाली की संवेदनशीलता भी है। आइए इस लेख में ऐसा होने के पीछे के अन्य कारण के बारे में भी विस्तार से जानते हैं।