फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: सर्दियां शुरू होते ही क्यों बढ़ जाती है जोड़ों में दर्द और सांस की दिक्कत, कैसे करें बचाव?

Mon, 02 Nov 2026 07:18 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Arthritis Pain In Cold Weather: सर्दियों में तापमान में गिरावट, ठंडी हवा और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण कुछ लोगों में जोड़ों का दर्द और अकड़न बढ़ सकती है। वहीं ठंडी हवा, प्रदूषण और वायरल संक्रमण अस्थमा के लक्षणों को भी बढ़ावा देने वाली हो सकती है। नियमित व्यायाम और समय पर इलाज से इन परेशानियों को कंट्रोल किया जा सकता है।
विज्ञापन
1 of 5
जोड़ों में दर्द की दिक्कत - फोटो : Amarujala.com/AI
देश के ज्यादातर हिस्सों में सर्दियों ने दस्तक दे दी है। सुबह-शाम अब गुलाबी ठंड का एहसास होने लग गया है। सर्दियों का ये मौसम ज्यादातर लोगों के लिए सबसे पसंदीदा होता है, हालांकि ये मौसम अपने साथ कई तरह की स्वास्थ्य संबंधित चुनौतियां भी लेकर आता है। दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों की शुरुआत होते ही वायु प्रदूषण बढ़ जाता है, वहीं तापमान में आई गिरावट कई लोगों के लिए जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।

सर्दियों की शुरुआत होते ही क्या आपके घुटनों में दर्द बढ़ने लगता है? बिस्तर से उठते समय जोड़ों में अकड़न महसूस होती है या ठंडी हवा चलते ही सांस लेने में परेशानी होने लगती है? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ लोगों में इस तरह की परेशानियां होना काफी आम है। खासतौर पर आर्थराइटिस और सांस की क्रॉनिक बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह मौसम और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

आइए जानते हैं कि ये समस्याएं क्यों बढ़ जाती हैं और इससे बचाव के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए?
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 5
गठिया और जोड़ों में दर्द की समस्याएं - फोटो : Freepik.com
सर्दी का मौसम बढ़ा सकती परेशानी

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, ठंडी और शुष्क हवा सांस की नलियों पर सीधा असर डालती है। तापमान में बदलाव और सर्दी के दिनों में शारीरिक गतिविधियां कम होने से जोड़ों में दर्द और अकड़न ज्यादा महसूस हो सकती है। यही कारण है कि इन समस्याओं से पहले से ही परेशान लोगों को अलर्ट रहना चाहिए। 
 
  • ठंड के मौसम में अक्सर लोगों को घुटनों, कमर, हाथों और उंगलियों के जोड़ों में दर्द और अकड़न ज्यादा महसूस होती है। पहले से ही ऑस्टियोआर्थराइटिस और रूमेटाइड आर्थराइटिस से परेशान लोगों को परेशानी ज्यादा हो सकती है।
विज्ञापन

3 of 5
आर्थराइटिस की समस्या - फोटो : Adobe Stock
क्यों बढ़ जाती है जोड़ों की दिक्कतें?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, तापमान में होने वाले बदलाव का जोड़ों और संपूर्ण स्वास्थ्य पर कई तरह से नकारात्मक असर हो सकता है। 
 
  • ठंड के कारण मांसपेशियों और आसपास के टिश्यू सख्त हो जाती है। इससे जोड़ों को हिलाने-डुलाने में परेशानी होती है।
  • मौसम में होने वाले बदलाव से पहले से संवेदनशील लोगों को जोड़ों में दर्द महसूस हो सकता है।
  • ठंड में लोग टहलना और व्यायाम करना कम कर देते हैं। इससे मांसपेशियों की सक्रियता घटती है, इसके कारण भी जोड़ों में दर्द और अकड़न की दिक्कत बढ़ सकती है।

4 of 5
अस्थमा और सांस की समस्या - फोटो : Freepik.com
सांस की समस्याओं का क्या कारण है?

ठंड का मौसम कुछ लोगों में सांस की दिक्कतों को भी ट्रिगर करने वाला हो सकता है। विशेषतौर पर जिन लोगों को पहले से अस्थमा की दिक्कत है उन्हें खास सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। अस्थमा के कारण सांस की नलियों में सूजन और संवेदनशीलता बढ़ जाती है। इसके कारण सांस लेने में परेशानी, खांसी, सीने में जकड़न और सांस लेते समय घरघराहट हो सकती है।
 
  • सांस के साथ ठंडी हवा अंदर जाने से सांस की नलियों में सिकुड़न होती है।
  • सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे संक्रमण अस्थमा के अटैक को ट्रिगर कर सकते हैं।
  • धुआं, धूल और खराब एयर क्वालिटी सांस की नलियों में जलन बढ़ा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
नियमित व्यायाम की बनाएं आदत - फोटो : Amarujala.com/AI
इन समस्याओं से बचने के लिए क्या करें?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मौसम में होने वाले बदलाव के साथ लाइफस्टाइल और खानपान को ठीक रखने के उपाय करना बहुत जरूरी है।
 
  • जोड़ों के दर्द को कम करने के लिए रोजाना हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग करें।
  • लंबे समय तक एक ही जगह बैठे न रहें। घुटनों और जोड़ों को गर्म रखने के लिए उचित कपड़े पहनें।
  • हल्की गर्म सिकाई से अकड़न में आराम मिल सकता है।
  • वहीं अस्थमा से बचाव के लिए ठंडी हवा में बाहर निकलते समय नाक और मुंह को स्कार्फ से ढकें।
  • धूल, धुएं और तेज गंध से बचें। फ्लू और अन्य जरूरी टीकाकरण के बारे में डॉक्टर से सलाह लें।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें