फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: पेशाब के रंग से जानिए कहीं आप बीमार तो नहीं? डॉक्टर ने समझाया इसका सारा गुणा-गणित

Sun, 13 Apr 2025 07:36 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

डॉक्टर बताते हैं, पेशाब सामान्य तौर से साफ या हल्के पीले रंग का होना चाहिए। हालांकि कुछ स्थितियों में इसके रंग में बदलाव हो सकता है। इसपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
विज्ञापन
पेशाब के रंग से जानिए सेहत का हाल - फोटो : Freepik.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हमें दिनचर्या और खान-पान को ठीक रखने की सलाह दी जाती है। अगर आप इन दोनों में ही सुधार कर लेते हैं तो कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों से बचे रह सकते हैं। इसके अलावा शरीर में होने वाले बदलावों पर भी गंभीरता से ध्यान देते रहना चाहिए।

विज्ञापन


अगर आपके शरीर में कोई अप्रत्याशित बदलाव नजर आ रहा है, त्वचा में कोई गांठ या परिवर्तन है तो समय रहते इसको लेकर डॉक्टर की सलाह ले लें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर में कोई बीमारी तो नहीं पनप रही है, इसका पता लगाने के लिए नियमित रूप से बॉडी चेकअप जरूर कराते रहें। इसके अलावा पेशाब के रंग पर भी ध्यान देते रहें। अगर आपके पेशाब के रंग में कुछ दिनों से कोई बदलाव दिख रहा हो तो डॉक्टर से मिलकर इसका निदान जरूर करा लें, ये किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है।

विज्ञापन

पेशाब के रंग पर दें ध्यान - फोटो : Freepik.com
बीमारियों का पता लगाने के लिए यूरिन टेस्ट

कई बार जब आप अपनी बीमारियों के निदान के लिए डॉक्टर के पास जाते हैं तो जांच में आपसे पेशाब का सैंपल मांगा जाता है, जानते हैं क्यों? 

पेशाब के माध्यम से शरीर से फिल्टर अपशिष्ट निकलते रहते हैं, ऐसे में इसके रंग में बदलाव के आधार पर कई तरह की बीमारियों का निदान किया जा सकता है। डॉक्टर बताते हैं, पेशाब सामान्य तौर से साफ या हल्के पीले रंग का होना चाहिए। हालांकि कुछ स्थितियों में इसके रंग में बदलाव हो सकता है। पानी कम पीने वाले लोगों के पेशाब का रंग हल्का भूरा या गाढ़ा हो सकता है। पेशाब के रंग में होने वाले परिवर्तन पर सभी लोगों को गौर करने की जरूरत है। 

पेशाब में बदलावों पर देते रहें ध्यान - फोटो : Freepik.com
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?

पेशाब के रंग में बदलाव का क्या मतलब है इसे भोपाल स्थित एक अस्पताल में वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ संतोष अग्रवाल ने विस्तार से समझाया है।

डॉ संतोष बताते हैं, यूरिन का कलर हमारी सेहत का सीक्रेट कोड होता है, पेशाब का रंग कैसा है इसके आधार पर हमें सेहत से संबंधित कई जानकारियां मिल सकती हैं। पेशाब का रंग में बदलाव मुख्य रूप से तीन बातों पर निर्भर करता है-
  • आप रोजाना कितना पानी पी रहे हैं, शरीर की हाइड्रेशन कैसा है?
  • कहीं आप कोई ऐसी दवा तो नहीं ले रहे हैं जिससे पेशाब का रंग बदल रहा है?
  • या फिर कहीं आपको कोई गंभीर बीमारी तो नहीं है जो पेशाब के रंग में बदलाव का कारण बन रहा है? 
डॉ संतोष बताते हैं, सामान्य रूप से पेशाब का रंग हल्का पीला होता है। अगर आप बहुत अधिक पानी पी रहे हैं तो ये रंग बदलकर साफ-सफेद हो जाता है। हालांकि अगर आपके पेशाब का रंग हमेशा साफ-सफेद रहता है तो ये भी किसी बीमारी की तरफ संकेत हो सकता है। डायबिटीज इन्सिपिडस नामक बीमारी में पेशाब बहुत ज्यादा आता है इसके कारण भी लोगों को पेशाब में ये बदलाव नजर आ सकता है।

अगर पेशाब का रंग गहरा पीला है तो ये संकेत है कि आप कम पानी पी रहे हैं या डिहाइड्रेशन का शिकार हो गए हैं। कुछ प्रकार के मल्टी विटामिन्स के कारण भी आपके पेशाब का रंग गहरा या पीला हो सकता है।

पेशाब का लाल रंग खतरनाक

डॉ संतोष बताते हैं, पेशाब का रंग अगर लाल हो गया है तो ये एक खतरनाक संकेत है, जिसपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना जरूरी है। वैसे तो ये चुकंदर खाने के कारण भी हो सकता है पर अगर कुछ दिनों से आपका पेशाब लाल रंग का हो रहा है तो तुरंत किसी डॉक्टर की सलाह ले लें। कुछ स्थितियों में ये किडनी में स्टोन, किडनी कैंसर या फिर प्रोस्टेट कैंसर का भी संकेत हो सकता है जिसका समय पर निदान और इलाज जरूरी है।
विज्ञापन

यूरिन कलर में बदलाव का क्या कारण है? - फोटो : Freepik.com
इन बदलावों पर भी दें ध्यान

डॉक्टर संतोष बताते हैं, यूरिन का कलर संतरी होना गंभीर डिहाइड्रेशन का संकेत माना जाता है। इसी तरह डिहाइड्रेशन अगर और भी बढ़ जाता है तो पेशाब का रंग भूरा भी होने लगता है।
  • पेशाब का रंग केसरिया या संतरी होना कुछ स्थितियों में लिवर की बीमारी की तरफ भी इशारा करता है।
  • कुछ बीमारियों में शरीर की मांसपेशियों का प्रोटीन लीक करके पेशाब के माध्यम से निकलने लगता है इसके कारण भी पेशाब का रंग भूरा हो सकता है।
  • पेशाब का रंग कोका रंग का होना किडनी और मूत्र पथ की बीमारियों की तरफ इशारा हो सकता है।
  • कई बार पेशाब में बहुत अधिक झाग भी हो सकता है, ये प्रोटीन लीक के कारण अक्सर देखा जाता है।

अगर आपको पेशाब के रंग में इस तरह का कोई भी बदलाव दिख रहा है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।



----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें