किडनी में स्टोन होने की समस्या काफी आम हो गई है, हर उम्र के लोग इसका शिकार हो रहे हैं। पथरी देखने में चूंकि पत्थरनुमा लगती है, इसलिए अक्सर दिमाग में एक सवाल बना रहता है कि जब हम पत्थर वाली चीजें नहीं खाते हैं तो किडनी में पथरी कैसे बन जाती है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, किडनी में स्टोन का पत्थर वाली चीजें खाने से कोई संबंध नहीं है, बल्कि यह हमारे शरीर के अंदर रासायनिक गड़बड़ी का नतीजा है। शोध बताता है कि सबसे आम पथरी कैल्शियम ऑक्सलेट से बनती है। आंकड़ों के मुताबिक दुनिया में हर 6 में से लगभग 1 व्यक्ति को जीवन में कभी न कभी पथरी होती है।
किडनी हमारे शरीर की फिल्टर मशीन है। यह खून को साफ करके शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालती है। जब हम पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीते या हमारे खाने-पीने में नमक, प्रोटीन और कुछ खास तत्व (जैसे ऑक्सलेट) की मात्रा अधिक हो जाती है तो ये पदार्थ पेशाब से बाहर नहीं निकल पाते हैं और धीरे-धीरे ये छोटे-छोटे कण बनाते हैं। यही मिलकर किडनी स्टोन यानी पथरी का रूप ले लेते हैं।