फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावधान: दिनभर कंप्यूटर पर काम करना कहीं बन न जाए ट्रिगर फिंगर्स का कारण, जानिए कैसे करें बचाव?

Sat, 04 Dec 2021 06:36 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
उंगलियों में जकड़न की समस्या - फोटो : iStock
किसी दिन अचानक सुबह उठने पर आपको अपना अंगूठा अकड़ा हुआ महसूस हो, उंगलियों में भी जकड़न सी हो या यूं ही काम करते करते अंगूठा तेज दर्द के साथ मुड़ जाए और फिर उसे सीधा करना आसान न हो, तो इसे हल्के में न लें। यह स्थिति ट्रिगर फिंगर्स की समस्या का संकेत हो सकती है। ट्रिगर थम्ब या ट्रिगर फिंगर्स वह स्थिति है जब अंगूठे या उंगलियों के टेंडन में किसी कारण से सूजन आ जाती है। टेंडन बारीक धागे जैसे होते हैं जो मांसपेशियों को हड्डी से जोड़े रखते हैं। ये लचीले होते हैं और मजबूत फाइबर कोलेजन ऊतकों से बने होते हैं।

टेंडन में किसी प्रकार से क्षति पहुंचने से मसल्स तक भी इसका असर पहुंचता है और उस जगह पर दर्द और सूजन आ जाती हैं। ट्रिगर थम्ब की स्थिति में अंगूठा जोड़ के पास से मुड़ जाता है और क्लिक की आवाज़ के साथ वापस सीधा हो पाता है। साथ ही तेज दर्द भी महसूस होता है। मुड़े हुए अंगूठे को सीधा करना भी आसान नहीं होता। आइए आगे की स्लाइडों में इस समस्या के बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 4
उंगलियों का रखें खास ख्याल - फोटो : pixabay
ऐसे लोगों को होता है ज्यादा खतरा
यह समस्या वैसे तो किसी को भी हो सकती है लेकिन डायबटीज, आर्थराइटिस जैसी समस्याओं से ग्रसित लोगों या ऐसे लोग जिनके हाथों पर निरन्तर किसी वजह से दबाव पड़ता हो, वे इसके शिकार ज्यादा होते हैं। पुरुषों की तुलना में महिलाओं में यह समस्या ज्यादा होती है। इस समस्या को शुरुआत में ही सामान्य इलाज से नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए जरूरी है कि लक्षण दिखाई देते ही तुरन्त डॉक्टर से सलाह ली जाए।

अकेले भारत मे हर साल इस समस्या से लाखों लोग पीड़ित होते हैं। अन्य चीजों के अलावा मोबाइल, लैपटॉप, वीडियो गेम जैसी चीजों का लगातार उपयोग भी इसका कारण बन सकता है। गम्भीर स्थितियों में अंगूठा या उंगली मुड़ी हुई स्थिति में ही लॉक हो सकते हैं।
विज्ञापन

3 of 4
ट्रिगर फिंगर्स की समस्या को पहचानें - फोटो : iStock
सुबह रहता है ज्यादा असर
ट्रिगर फिंगर किसी भी उंगली या अंगूठे पर असर कर सकती है। कई बार एक से ज्यादा उंगलियां भी प्रभावित हो सकती हैं और दोनों हाथों पर भी असर हो सकता है। दर्द और अकड़न सुबह -सुबह ज्यादा होती है। कई बार उंगली या अंगूठा मुड़ने के बाद सीधा होने में समय भी लेता है। धीरे धीरे जैसे जैसे आप फिजिकली एक्टिव होते हैं, दर्द और अकड़न कम होने लगता है। अंगूठे या उंगली के नीचे के हिस्से में उभार भी महसूस हो सकता है। 
विज्ञापन

4 of 4
अंगूठे या उंगली के दवाब को करें कम - फोटो : Pixabay
ट्रिगर फिंगर से कैसे करें बचाव
  • सबसे पहले जिस काम की वजह से आपके अंगूठे या उंगली पर प्रेशर पड़ रहा है उसे कुछ समय के लिए बन्द कर दीजिए। उस उंगली या अंगूठे को कुछ समय आराम दीजिए। अगर आपको काम लेना ही पड़े तो पैडेड ग्लव्ज का प्रयोग करें। 
  • उंगली या अंगूठे को कवर करने वाले या सहारा देने वाले स्पलिंट्स का प्रयोग किया जा सकता है, ताकि उंगली/अंगूठे को बिना हिलाए-डुलाए रखा जा सके।
  • डॉक्टर आपको कुछ स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज बता सकते हैं। प्रतिदिन मात्र 10-15 मिनिट की इस एक्सरसाइज को धीरे धीरे आधे घंटे तक बढ़ा लें। इसमें सॉफ्ट एक्सरसाइज़ बॉल को प्रेस करने, अंगूठे और उंगली को मिलाकर ओ बनाने, उंगलियों को मोड़कर गिनती करने जैसी एक्सरसाइज की जा सकती हैं। 
  • एक्सरसाइज के बाद हल्के हाथों से उंगली या अंगूठे की मालिश जरूर करें। इससे रक्त संचार सही रहेगा, लचीलापन बना रहेगा और मूवमेंट सही बना रहेगा। 
  • अपने शुगर लेवल को कंट्रोल रखें, वजन को संतुलित रखें व यूरिक एसिड का स्तर भी चेक करवाएं। कई बार इसकी वजह से भी दिक्कत हो सकती है।
  • सूजन कम करने के लिए डॉक्टर की सलाह से ठंडा या गर्म सेकाई करें।


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें