भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां डायबिटीज के मरीज सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं। खानपान में गड़बड़ी, घंटों बैठकर काम करना, तनाव, नींद की कमी और शारीरिक गतिविधि कम होना इसके बड़े कारण माने जाते हैं। सबसे खतरनाक बात यह है कि डायबिटीज की शुरुआत में हमेशा स्पष्ट संकेत नहीं दिखाई देते। कई लोगों में हाई ब्लड शुगर की समस्या लंबे समय तक बिना किसी गंभीर लक्षण के बढ़ती रहती है और शरीर धीरे-धीरे अंदर से प्रभावित होने लगता है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि नियमित जांच, डाइट में सुधार और व्यायाम की आदत से डायबिटीज के खतरे को कम किया जा सकता है। इसके साथ शरीर के संकेतों पर भी गंभीरता से ध्यान देते रहना जरूरी है। यदि परिवार में पहले से किसी को डायबिटीज की समस्या रही है तो और भी सावधान हो जाना चाहिए।
डायबिटीज का नाम सुनते ही सबसे पहले हमारे दिमाग में घाव न भरने, थकान, बार-बार पेशाब आने की दिक्कत सामने आती है। पर कई ऐसे लक्षण हैं जो अक्सर लोग इग्नोर कर देते हैं। आइए डायबिटीज के ऐसे ही संकेतों को जान लेते हैं।