फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जानना जरूरी: आयरन-पोषक तत्वों का भंडार है पालक, पर इसका अधिक सेवन है नुकसानदायक, हो सकती हैं ये दिक्कतें

Thu, 21 Apr 2022 06:22 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
पालक के फायदे और नुकसान - फोटो : pixabay
हरी सब्जियां और साग, विशेषकर पालक का सेवन सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद माना जाता रहा है। पालक आयरन, विटामिन्स के साथ कई प्रकार के खनिजों और पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत माना जाता है, जिसका सेवन शरीर को कई तरह के लाभ दे सकता है। जिन लोगों के शरीर में आयरन की कमी होती है, पालक उनके लिए भी वरदान माना जाता है। पर क्या आप जानते हैं कि तमाम पोषक तत्वों का खजाना पालक, कुछ स्थितियों में आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अगर आप ज्यादा लाभ प्राप्त करने के चक्कर में रोजाना पालक खाते हैं तो यह आपके शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है।

अध्ययन बताते हैं कि किसी भी चीज का संयमित मात्रा में सेवन करना जितना फायदेमंद है, उसकी अधिकता के उतने ही नुकसान हो सकते हैं। पालक के मामले में भी ऐसा ही है, इसका अधिक सेवन कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। शोध में पता चलता है कि अधिक मात्रा में पालक का सेवन करते रहने के कारण कुछ पोषक तत्वों का अवशोषण प्रभावित हो जाता है जिसके कारण शरीर पर कई तरह के दुष्प्रभाव देखने को मिल सकते हैं। आइए आगे विस्तार से जानते हैं कि पालक का अधिक सेवन शरीर को किस प्रकार से नुकसान पहुंचा सकता है?
विज्ञापन

2 of 5
पथरी की समस्या - फोटो : iStock
किडनी स्टोन का बढ़ जाता है खतरा

अगर आप भी पालक से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से इसका सेवन करते रहते हैं तो इसके कारण किडनी स्टोन बढ़ने का खतरा हो सकता है। पालक उन हरी सब्जियों में से एक है जिसमें सबसे अधिक मात्रा में ऑक्सालिक एसिड होता है। बहुत अधिक पालक खाने से कैल्शियम-ऑक्सालेट का निर्माण होने लगता है, जिससे किडनी में पथरी की समस्या हो सकती है। ऑक्सालेट को किडनी अच्छी तरह से फिल्टर नहीं कर पाती है जिसके कारण पथरी बन सकती है।
विज्ञापन

3 of 5
ब्लड प्रेशर का बढ़ता खतरा - फोटो : Pixabay
हाई ब्लड प्रेशर की दवाइयों के साथ रिएक्शन
 
पालक का अधिक सेवन ब्लड प्रेशर की दवाइयां, विशेषकर खून को पतला करने वाली दवाइयों के प्रभाव को कम कर सकती है। पालक में उच्च स्तर में विटामिन-के  होता है, जो रक्त को पतला करने की प्रभावशीलता को कम करता है। जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की दिक्कत होती है, उन्हें स्ट्रोक के खतरे से बचाव के लिए ब्लड थिनर दिए जाते हैं। पालक का अधिक सेवन इन दवाइयों को बेअसर कर सकता है। 

4 of 5
ज्यादा पालक के हो सकते हैं नुकसान - फोटो : Pixabay
कैल्शियम का अवशोषण हो सकता है प्रभावित

कुछ शोध बताते हैं कि ऑक्सालेट युक्त खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन खनिजों के अवशोषण को  प्रभावित कर सकता है। ऑक्सालेट एक एंटीन्यूट्रिएंट है। पालक में ऑक्सलेट की मात्रा अधिक होती है, शोध बताते हैं कि अधिक मात्रा में पालक खाना कैल्शियम जैसे खनिजों के अवशोषण में भी बाधा डाल सकता है। कैल्शियम की कमी के कारण दांत-हड्डियों से संबंधित समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
ज्यादा पालक के कारण पाचन की समस्या - फोटो : Pixabay
मेटाबॉलिज्म की समस्या

पालक के नियमित सेवन के कारण आपको मेटाबॉलिज्म से संबंधित समस्याएं भी हो सकती हैं। शरीर को पालक को पचाने के लिए अधिक समय चाहिए होता है, ऐसे में इसका रोजाना सेवन पेट में सूजन, गैस और ऐंठन का कारण बन सकता है। पालक का सेवन जितना फायदेमंद है, वहीं इसकी अधिकता शरीर में कई प्रकार की गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकती है, इस बारे में सावधानी बरतनी चाहिए। 

----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। अमर उजाला किसी दावे की पुष्टि नहीं करता है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें