शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जितना जरूरी स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन करना है, उतना ही जरूरी है रोजाना रात में अच्छी और निर्बाध नींद प्राप्त करना। नींद की कमी आपके संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली हो सकती है। कई अध्ययनों से पता चलता है जिन लोगों की नींद अनियमित होती है या नींद पूरी नहीं होती है उनमें अन्य लोगों की तुलना में हृदय रोग, इंफ्लेमेशन और कई अन्य प्रकार की क्रॉनिक बीमारियों का खतरा कई गुना अधिक हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी नींद लेना सिर्फ आराम का विषय नहीं, ये एक बुनियादी जरूरत है, जिसका हमारी सेहत पर सीधा असर पड़ता है। अनियमित नींद 'स्लो पॉइजन' की तरह आपके स्वास्थ्य को खोखला कर सकती है।
हालिया शोध में विशेषज्ञों की टीम ने बताया कि अनियमित नींद की स्थिति एक दो नहीं 170 से अधिक प्रकार की बीमारियों का कारण बन सकती है।
नींद की कमी 170 से अधिक बीमारियों का घर
चीन की पेकिंग यूनिवर्सिटी और आर्मी मेडिकल यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने 88 हजार से ज्यादा लोगों की
नींद से जुड़े डेटा का विश्लेषण किया। इसमें पाया गया कि नींद की कमी से 170 से अधिक बीमारियों का संबंध है। सोने और जागने का तय समय न होने से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इनमें पार्किंसन रोग का खतरा 2.8 गुना और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा 1.6 गुना ज्यादा है।
शोधकर्ताओं ने नींद से जुड़ी छह आदतों-नींद की अवधि, नींद आने का समय, नींद का रिदम (यानी सोने-जागने का चक्र), नींद की गहराई, नींद की गुणवत्ता और रात में बार-बार जागने की आदत को लेकर अध्ययन किया।