हाल के वर्षों में हुए कई अध्ययनों ने ऑफिस वर्कर्स की सेहत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यदि आप भी ऑफिस जॉब करते हैं तो अपनी सेहत को लेकर सावधान हो जाने की आवश्यकता है। ज्यादातर लोगों में एक छोटी सी गलती देखी जा रही है जिसके सेहत पर कई प्रकार से गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं। अध्ययनकर्ताओं ने पाया जो लोग लंबे समय तक बैठे रहने वाले काम करते हैं, उनमें कई गंभीर बीमारियों का जोखिम अन्य लोगों की तुलना में काफी अधिक देखा जा रहा है, जो समय से पहले मृत्यु के खतरे को बढ़ाने वाला हो सकता है।
जब आप बैठे होते हैं, तो कम ऊर्जा खर्च करते हैं। शोध में लंबे समय तक बैठे रहने को कई स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से जोड़ा गया है। उनमें मोटापे के साथ रक्तचाप में वृद्धि, हाई ब्लड शुगर का खतरा, कमर के आसपास अतिरिक्त चर्बी जमा होने और अस्वास्थ्यकर कोलेस्ट्रॉल का स्तर (जो मेटाबॉलिक सिंड्रोम का कारण बनता है) अधिक देखा गया है। कुल मिलाकर लंबे समय तक बैठे रहने से हृदय रोग और कैंसर से मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है।