अक्तूबर-जनवरी तक के महीने में राजधानी दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है। बीते दिनों दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) का स्तर बिगड़ गया था। शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 188 के करीब रहा, जिसे स्वास्थ्य विशेषज्ञ अनहेल्दी कैटेगरी का मानते हैं। आमतौर पर दिवाली के आसपास दिल्ली का एक्यूआई खराब हो जाता है, जिसको लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अभी से सावधान कर रहे हैं।
वायु प्रदूषण को अध्ययनों में कई गंभीर रोगों का कारक पाया गया है। साल-दर-साल जिस तरह से प्रदूषण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही उसने वैश्विक स्तर पर कई बीमारियों के जोखिम को बढ़ा दिया है। वायु प्रदूषण का सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव फेफड़ों पर होता है, लंग कैंसर के ज्यादातर मामलों के लिए इसे एक कारण माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिस प्रकार से दुनियाभर में इस प्रदूषण में वृद्धि हो रही है, यह भविष्य के लिए गंभीर संकेत है।