फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अध्ययन आधारित विश्लेषण: जानिए रोजाना एक सेब खाकर कैसे रह सकते हैं तमाम बीमारियों से सुरक्षित?

Fri, 09 Jul 2021 05:43 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
सेब खाने से होने वाले फायदे - फोटो : पेक्सेल्स
पोषण विशेषज्ञ, स्वस्थ आहार के निर्धारण में फलों के सेवन को काफी महत्वपूर्ण मानते हैं। फलों में भी सेब को कई तरह से स्वास्थ्य लाभ के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसीलिए वर्षों से एक कहावत चली आ रही है- ''एन एप्पल अ डे किप्स द डॉक्टर अवे"। पर क्या आपने कभी सोचा कि आखिर ऐसे क्यों कहा जाता है, सेब में ऐसे क्या गुण हैं जो हमारी सेहत के लिए इतने फायदेमंद हो सकते हैं? आइए इस लेख में इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
आहार और पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक सेब में एंटीऑक्सिडेंट, विटामिन, डाइट्री फाइबर और कई अन्य पोषक तत्व होते हैं। अपने विविध पोषक तत्वों के कारण सेब का रोजाना सेवन करना आपको कई तरह की गंभीर बीमारियों से दूर रखने में मदद कर सकता है। कैंसर, मोटापा, हृदय रोग, मधुमेह और कई अन्य तरह की बीमारियों को दूर करने में सेब का सेवन हमारे लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में इससे सेहत को होने वाले ऐसे ही कुछ अध्ययन आधारित फायदों के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 6
रोजाना एक सेब खाने की सलाह - फोटो : Social media
सेब खाने के फायदे
पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक सेब को फाइबर, विटामिन और खनिजों से भरपूर माना जाता है, ये सभी हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। सेब में एंटीऑक्सिडेंट भी पाए जाते हैं जो मुक्त कणों को बेअसर करके शरीर की कोशिकाओं को स्वस्थ बनाए रखने के लिए आवश्यक होते हैं। शरीर में मुक्त कणों की मात्रा बढ़ जाने से कैंसर और मधुमेह सहित कई अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
एक मध्यम आकार के सेब (करीब 182 ग्राम) से कई प्रकार के पोषक तत्व जैसे कैलोरी (95), कार्ब्स (25 ग्राम), फाइबर (4 ग्राम) विटामिन सी (दैनिक आवश्यकता का 14 प्रतिशत), पोटेशियम (दैनिक आवश्यकता का 6 प्रतिशत) और विटामिन-के (दैनिक आवश्यकता का 5 प्रतिशत) प्राप्त किया जा सकता है।
विज्ञापन

3 of 6
कई रोगों में फायदेमंद है सेब का सेवन - फोटो : pixabay
डायबिटीज में काफी फायदेमंद है सेब का सेवन
पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक मधुमेह रोगियों के लिए रोजाना सेब का सेवन करना काफी फायदेमंद हो सकता है। कई अध्ययनों में साबित हो चुका है कि रोजाना सेब का सेवन करने वाले लोगों में टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम होता है। इसी से संबंधित साल 2013 में जनसंख्या आधारित एक अध्ययन में पाया गया कि सेब के जूस का सेवन करने वाले लोगों में टाइप-2 मधुमेह विकसित होने का जोखिम 7 फीसदी तक कम पाया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक मधुमेह से पीड़ित लोग उच्च फाइबर वाले आहार का सेवन करके रक्त शर्करा के स्तर को कम कर सकते हैं। सेब का सेवन ऐसे में आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकता है।

4 of 6
दिल की बीमारी से बचा सकता है सेब - फोटो : Social media
हृदय रोगों से सुरक्षा देता है सेब
सेब को हृदय रोगों के जोखिम को कम करने के लिए जाना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि सेब में घुलनशील फाइबर होता है जो ब्लड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। सभी लोगों को सेब के छिलके जरूर खाने चाहिए, इसमें पॉलीफेनोल्स नामक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो हमारी सेहत के लिए कई मामलों में फायदेमंद हो सकता है। सेब में फ्लेवोनोइड एपिक्टिन नामक एक यौगिक भी पाया जाता है जो रक्तचाप को कम करने में सहायक है। कई अध्ययनों के विश्लेषण में पाया गया कि फ्लेवोनोइड्स के सेवन से स्ट्रोक के जोखिम को 20 फीसदी तक कम किया जा सकता है।
विज्ञापन

5 of 6
मस्तिष्क को स्वस्थ रखता है सेब - फोटो : pixels
मानसिक रोगों से देता है सुरक्षा
साल 2019 हुए एक प्रयोगशाला अध्ययन में वैज्ञानिकों ने निष्कर्ष निकाला कि सेब में क्वेरसेटिन नामक एक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है जिसे न्यूरोप्रोटेक्टिव प्रभावों के लिए जाना जाता है। इसी से संबंधित साल 2015 में चूहों पर किए गए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि क्वेरसेटिन वाले सप्लीमेंट की उच्च मात्रा अल्जाइमर रोग के कारण होने वाली कोशिकाओं की क्षति से बचाने में सहायक है। सेब में चूंकि इस एंटीऑक्सीडेंट की प्रचुर मात्रा पाई जाती है, ऐसे में विशेषज्ञ सेब के सेवन को मस्तिष्क के लिए काफी लाभदायक मानते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
कैेंसर में सेब के फायदे (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
कैंसर के खतरे को कम कर सकता है सेब
विशेषज्ञों के मुताबिक एंटीऑक्सिडेंट युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को रोकने में मददगार है जो कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाकर कुछ प्रकार के कैंसर को विकसित कर सकता है। सेब एंटीऑक्सिडेंट का एक अच्छा स्रोत माने जाते हैं। साल 2016 के एक मेटा-विश्लेषण के निष्कर्ष में वैज्ञानिकों ने पाया कि रोजाना सेब का सेवन करना कई तरह के कैंसर जैसे फेफड़ों के कैंसर, स्तन कैंसर और कोलोरेक्टल कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है। वहीं 2018 में प्रकाशित एक मेटा-विश्लेषण के अनुसार, फाइबर का सेवन पेट के कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक है। सेब में यह सारे गुण पाए जाते हैं। 

--------------------
नोट:
यह लेख तमाम जर्नल्स में प्रकाशित अध्ययनों के आधार पर तैयार तैयार किया गया है। संबंधित अध्ययन संलग्न हैं।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें