हृदय रोगों के बाद कैंसर को दुनियाभर में मृत्यु का दूसरा सबसे बड़ा कारण माना जाता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की एक रिपोर्ट के अनुसार साल 2022 में, हृदय रोग लगभग 1.9 करोड़ मौतों के लिए जिम्मेदार था, जबकि कैंसर से लगभग 97 लाख मौतें हुईं। वैसे तो हृदय रोग अभी भी प्रमुख कारण बना हुआ है, लेकिन कैंसर से होने वाली मौतें बढ़ रही हैं। इससे बचाव को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अलर्ट करते हैं।
विशेषज्ञ कहते हैं, कैंसर किसी को भी हो सकता है। खराब जीवनशैली, प्रदूषण, गड़बड़ खानपान, धूम्रपान-शराब जैसी आदतों ने इसके खतरे को और भी बढ़ा दिया है, लिहाजा कम उम्र वाले भी इस घातक बीमारी की चपेट में आते जा रहे हैं।
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों में कैंसर और इससे मौत का खतरा ज्यादा होता है। जब बात पुरुषों में कैंसर की होती है तो फेफड़े-मुंह और प्रोस्टेट कैंसर के केस सबसे ज्यादा रिपोर्ट किए जाते हैं। प्रोस्टेट कैंसर के बढ़ते मामलों की समय रहते जांच के लिए डॉक्टर पीएसए टेस्ट कराने की सलाह देते हैं।