Viral Fever Recovery Tips: मौसम बदल रहा है और धीरे-धीरे अब ठंड का मौसम आ रहा है। ऐसे समय में बहुत से लोगों को वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम होता है। अक्सर इस वायरल बुखार के ठीक होने के बाद भी शरीर में अत्यधिक थकान और कमजोरी बनी रहती है। चिकित्सकीय भाषा में पोस्ट-वायरल फटिग कहते हैं। यह स्थिति तब आती है जब वायरस से लड़ने के लिए हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बहुत ज्यादा ऊर्जा खर्च कर चुकी होती है, और शरीर को पूरी तरह से ठीक होने के लिए समय चाहिए होता है।
ऐसे में बुखार भले ही उतर गया हो, लेकिन शरीर के अंदरूनी तंत्र जैसे मांसपेशियां, लिवर और तंत्रिका तंत्र पूरी तरह से रिकवर नहीं हुए होते हैं। इस वजह से, मरीज को लंबे समय तक आलस, शरीर में दर्द, और किसी भी काम में मन न लगने की शिकायत रहती है।
कुछ लोगों को लगता है कि यह थकान सिर्फ आराम करने से ठीक हो जाएगी, लेकिन इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह थकान आगे चलकर क्रॉनिक फटिग सिंड्रोम का रूप ले सकती है। इस स्थिति से तेजी से बाहर निकलने और एनर्जी लेवल को अच्छा रखने के लिए कुछ खास आहार और जीवनशैली संबंधी कदम तुरंत उठाना चाहिए।