हमारे किचन में प्लास्टिक वाली तमाम प्रकार की चीजों का नियमित रूप से इस्तेमाल किया जाता है। प्लास्टिक की बोतलों से लेकर कंटेनर, टिफिन हो या रोटी रखने के लिए बर्तन, ज्यादातर प्लास्टिक की ही होते हैं। पर क्या आप जानते हैं कि इन चीजों का इस्तेमाल आपको गंभीर रूप से बीमार करने वाला हो सकता है। इतना ही नहीं इससे आपको कैंसर और हृदय रोग जैसी जानलेवा बीमारियों का भी खतरा रहता है।
प्लास्टिक की बोतल-कंटेनर, टिफिन आदि के इस्तेमाल से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अलर्ट करते रहे हैं। इसी से संबंधित एक हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने प्लास्टिक वाली चीजों के इस्तेमाल के कारण हृदय से संबंधित दिक्कतें बढ़ने को लेकर अलर्ट किया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्लास्टिक की चीजों से हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है।