क्या आपको भी अक्सर थकान-कमजोरी बनी रहती है, कुछ भी काम करने का मन नहीं करता, शरीर में लगातार दर्द बना रहता है, ये सभी स्थितियां सीधा संकेत करती हैं कि आपकी डाइट गड़बड़ है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जब आहार से शरीर को पर्याप्त मात्रा में पोषण नहीं मिल रहा होता है तो इसका असर संपूर्ण स्वास्थ्य पर पड़ता है।
थकान-कमजोरी और अक्सर शरीर में दर्द बना रहना प्रोटीन, आयरन, विटामिन बी12 और हेल्दी फैट्स की कमी का संकेत हो सकता है। आहार विशेषज्ञ कहते हैं, संतुलित आहार लेने से ऊर्जा स्तर बेहतर होता है, इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और मांसपेशियां स्वस्थ रहती हैं। ऐसे में सभी लोगों के लिए जरूरी है कि आप अपनी डाइट पर खास ध्यान दें।
हमारे आहार में कई ऐसी चीजें हैं जो सस्ती होने के साथ पौष्टिकता से भरपूर होती हैं। मखाना और मूंगफली जैसे साधारण से लगने वाले स्नैक्स पोषण का बड़ा खजाना हो सकते हैं।