प्राय: हम सभी के किचन में प्रयोग में लाए जाने वाले ज्यादातर मसाले-खाद्य पदार्थ आयुर्वेद के सिद्धांत पर आधारित होते हैं, विशेषज्ञ इनके सेवन को सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी मानते हैं। मसालों में प्रयोग में लाई जाने वाली कई औषधियों को गंभीर बीमारियों के इलाज तक में फायदेमंद पाया गया है, पर ज्यादातर लोग इससे होने वाले लाभ से अनजान होते हैं। इस लेख में हम प्याज की बात कर रहे हैं। सब्जियों में तड़का लगाने से लेकर, कच्चा सलाद या अन्य कई प्रकार से भोजन में इस्तेमाल किए जाने वाले प्याज का सेवन करना कई प्रकार से सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। इतना ही नहीं अध्ययनों में पाया गया है कि प्याज का रोजाना सेवन करना आपमें कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को भी कम करने में मदद कर सकता है।
प्याज में कई प्रकार के विटामिन्स और यौगिक होते हैं जो शरीर के लिए बेहद लाभकारी हो सकते हैं। इसमें पाया जाने वाला कार्बनिक सल्फर यौगिक शारीरिक कार्यप्रणाली के लिए महत्वपूर्ण होता है। कार्बनिक सल्फर यौगिक शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में भी मदद करता है जिससे हृदय रोग और स्ट्रोक के जोखिम को कम किया जा सकता है।
आइए प्याज से होने वाले अन्य फायदों के बारे में जानते हैं।