Heart Attack & CPR: हृदय रोग और हार्ट अटैक के मामले हाल के दिनों में तेजी से बढ़ते हुए देखे गए हैं। ऑफिस में बैठे-बैठे, काम करते हुए, शादी में डांस करते और बैठकर बात करते-करते हार्ट अटैक से मौत की कई खबरें आपने भी जरूर सुनी-पढ़ी होगीं।
इसी तरह का एक और मामला सामने आया है, जिसने हृदय स्वास्थ्य से संबंधित बढ़ते खतरे को लेकर लोगों को गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आगरा में 75 वर्षीय बुजुर्ग, डॉक्टर के पास इलाज के लिए गए थे, वहीं पर उन्हें हार्ट अटैक आ गया। हालांकि डॉक्टर ने मामले को समझते हुए तुरंत सीपीआर देकर उनकी जान बचा ली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हार्ट अटैक के बाद तुरंत सीपीआर देकर मरीज की जान बचाने वाले डॉक्टर की जमकर तारीफ की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिस तरह से दिल के दौरे की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, ऐसे में सभी लोगों को सीपीआर देने के तरीके को जरूर जानना चाहिए, ये जीवन रक्षक उपाय हो सकता है।