आहार और लाइफस्टाइल में गड़बड़ी, हमारे शरीर को कई प्रकार से प्रभावित कर सकती है। सभी उम्र के लोगों को इस बारे में विशेष सावधानी बरतते रहने की सलाह दी जाती है। इसी से संबंधित एक हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने लड़कियों और युवा महिलाओं में बढ़ती एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या को लेकर चिंता जाहिर की है। शोधकर्ताओं ने पाया कि अकेले अमेरिका में ही 40% से अधिक युवतियों में आयरन की कमी हो सकती है, जिससे थकान और कई स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि अनुमानन 100 युवा महिलाओं में से करीब 6 में आयरन का स्तर बेहद कम था, जिसके कारण एनीमिया का जोखिम बढ़ जाता है। यह न सिर्फ उन्हें कमजोर बना रहा है साथ ही एनीमिया के कारण शरीर में कई क्रोनिक बीमारियों का जोखिम भी बढ़ता जा रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई महिलाओं को यह पता ही नहीं है कि उनमें खून की कमी है, यह और भी गंभीर हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सिर्फ अमेरिका ही नहीं लगभग सभी देशों में कमोबेश स्थिति ऐसी ही है, यह निश्चित ही गंभीर संकेत है। नेशनल डॉक्टर्स डे पर आइए इस गंभीर समस्या और इसके उपायों के बारे में जानते हैं।