कोरोना वायरस पहले से ही बड़ी संख्या में लोगों की जान ले रहा है और अब कोरोना के मरीजों में 'ब्लैक फंगस' संक्रमण भी जानलेवा बन रहा है। इस संक्रमण को म्यूकरमायकोसिस कहते हैं। ये संक्रमण इतना खतरनाक है कि नाक, आंख और कभी-कभी दिमाग में भी फैल जाता है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसमें मरीज की जान बचाने और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आंखें तक निकालनी पड़ रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ये संक्रमण कोरोना वायरस से ठीक हो रहे या ठीक हो चुके मरीजों को अपनी चपेट में ले रहा है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च यानी आईसीएमआर ने इस संक्रमण की टेस्टिंग और इलाज के लिए एक एडवाइजरी जारी की है और साथ ही यह भी कहा है कि अगर इसे नजरअंदाज किया तो ये जानलेवा भी हो सकता है।