कई यूरोपीय देशों में चिंता का कारण बना मंकीपॉक्स वायरस अब भारत में भी दस्तक दे चुका है। केरल के कोल्लम जिले में देश में पहले मंकीपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि की गई है। भारत में अब तक यह मंकीपॉक्स का पहला केस है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि इस सप्ताह संयुक्त अरब अमीरात से लौटे 35 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण का पता चला है। माना जा रहा है कि संक्रमित व्यक्ति अमीरात में एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आया था, जिसमें पहले ही संक्रमण की पुष्टि की जा चुकी थी।
पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में नमूनों की जांच के बाद भारत में मामले की पुष्टि हुई थी। केरल सहित देश के अन्य राज्यों में भी इसको लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इस साल जनवरी के बाद से, 50 से अधिक देशों में मंकीपॉक्स के मामले रिपोर्ट किए जा चुके हैं। देश में संक्रमण का मामला सामने आने के बाद दिल्ली सरकार ने एलएनजेपी अस्पताल को दुर्लभ वायरल संक्रमण के प्रबंधन के लिए नोडल केंद्र बनाया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम अलर्ट हैं और इस गंभीर संक्रमण को नियंत्रित करने के उपाय किए जा रहे हैं। फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, सतर्कता बरतते रहें। आइए इसके खतरे और बचाव के बारे में जानते हैं।