फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जानना जरूरी: पोषण की कमी से बच्चों का विकास होता है प्रभावित, जानिए स्वस्थ पोषण के लिए किन चीजों की आवश्यकता?

Sun, 01 Jan 2023 04:01 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 8
बच्चों में कुपोषण की समस्या - फोटो : Getty Images
बेहतर सेहत के लिए आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखना सभी के लिए आवश्यक है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जब बात बच्चों के पोषण की आती है तो यह और भी आवश्यक हो जाता है। बच्चों के आहार में पौष्टिकता पर ध्यान देकर उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बेहतर करने में मदद मिल सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छा पोषण बच्चों के विकास का आधार है। सुपोषित बच्चे सीखने, खेलने और अन्य कार्यों में अधिक सक्षम होते हैं। वहीं जिन बच्चों को स्वस्थ और पौष्टिक आहार नहीं मिल पाता है, उनमें कुपोषण के कारण कई प्रकार की गंभीर बीमारियों के विकसित होने का खतरा हो सकता है।

बच्चे के जन्म लेने के साथ मां का पहला दूध, बड़े होने पर विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर अनाज, न सिर्फ उन्हें बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करते हैं, साथ ही कई गंभीर बीमारियों के जोखिमों से बचाने में भी मदद करते हैं। बाल अधिकारों की रक्षा करने और उसे प्रोत्साहित करने के लिए यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रेंस फ़ंड (यूनिसेफ) लगातार प्रयासरत है। आइए इस बारे में आगे विस्तार से समझते हैं।
विज्ञापन

2 of 8
बच्चों के लिए जरूरी है उचित पोषण - फोटो : iStock
पोषकता की कमी बनती है कुपोषण का कारण

यूनिसेफ द्वारा साझा किए गए आंकड़ों से पता चलता है कि 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मौत के 50 फीसदी मामलों के लिए कुपोषण को प्रमुख कारण माना जा सकता है। कुपोषण की समस्या सामान्य संक्रमण की स्थिति को भी गंभीर बना देती है, इसके कारण मृत्यु दर अधिक देखा जाता रहा है। कुपोषित बच्चों की न सिर्फ रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है साथ ही इसका उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी नकारात्मक असर देखा जाता रहा है।
विज्ञापन

3 of 8
शारीरिक विकास के लिए जरूरी है उचित पोषण - फोटो : iStock
बच्चों की वृद्धि हो सकती है प्रभावित

बच्चों में कुपोषण की स्थिति उनकी वृद्धि (स्टंटिंग) को प्रभावित कर सकती है। कुपोषित बच्चे की लंबाई और वजन दोनों पर इसका नकारात्मक असर देखा जाता रहा है। यूनिसेफ के आंकड़ों के मुताबिक 2000 से स्टंटिंग में लगातार गिरावट आई है लेकिन 2030 के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए और प्रयास की आवश्यकता है। इसी तरह बच्चों में सामान्य से कम वजन की समस्या के लिए भी निरंतर प्रयास की आवश्यकता है। इसके लिए आहार की पौष्टिकता पर ध्यान देना जरूरी है।

4 of 8
बच्चों में कोरोना(सांकेतिक) - फोटो : istock
कोविड महामारी का असर

स्वस्थ पोषण की शुरुआत गर्भावस्था से ही होती है, जिसपर आगे के क्रम में  निरंतर ध्यान देते रहना जरूरी है। बचपन से लेकर किशोरावस्था तक भोजन की पौष्टिकता शारीरिक-मानसिक विकास को बढ़ावा देती है। कोविड-19 महामारी की परिस्थितियों ने बच्चों में कुपोषण के पहले से मौजूद संकट को और भी बदतर कर दिया है। कोरोना ने परिवारों की आजीविका के लिए संकट पैदा कर दिया जिससे पौष्टिक और सुरक्षित आहार की उपलब्धता में कमी देखी गई है। 

आइए जानते हैं बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए किन-किन पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है?
विज्ञापन

5 of 8
विटामिन सी से सेहत को मिलता है लाभ - फोटो : iStock
बच्चों के लिए विटामिन-सी

विटामिन-सी लाल रक्त कोशिकाओं, हड्डियों और ऊतकों को बनाने और उनकी मरम्मत करने में मदद करता है। यह आपके बच्चे के मसूड़ों को स्वस्थ रहने और रक्त वाहिकाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक है। बच्चों की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने और उन्हें संक्रमण के जोखिम से बचाने के लिए विटामिन-सी वाली चीजों का सेवन जरूर कराएं। 
विज्ञापन

6 of 8
बढ़ते शरीर के लिए विटामिन डी की आवश्यकता - फोटो : iStock
विटामिन-डी वाले आहार

विटामिन-सी की ही तरह विटामिन-डी भी प्रतिरक्षा को मजबूती देने के लिए आवश्यक है। बचपन, हड्डियों के विकास की अवधि होती है और विटामिन-डी हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य है। विटामिन-डी की कमी वाले बच्चों में हड्डियों की कमजोरी की समस्या होती है, यह कैल्शियम के अवशोषण को भी प्रभावित कर सकती है। अंडे, दूध, मूंगफली, नट्स आदि से इस पोषक तत्व की पूर्ति की जा सकती है।
विज्ञापन

7 of 8
आहार में शामिल करें प्रोटीन वाली चीजें - फोटो : iStock
विकास के लिए जरूरी है प्रोटीन

स्वस्थ प्रतिरक्षा प्रणाली और शरीर के कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए प्रोटीन का सेवन करते रहना जरूरी है। प्रोटीन, मांसपेशियों के निर्माण के लिए अति-आवश्यक है। उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन के लिए आहार में रेड मीट, पोल्ट्री, मछली, दूध, दही, पनीर, अंडे, टोफू और अन्य सोया उत्पादों को शामिल किया जा सकता है। 
विज्ञापन

8 of 8
हड्डियों को स्वस्थ रखता है कैल्शियम - फोटो : iStock
बच्चों के लिए जरूरी है कैल्शियम

दूध और अन्य कैल्शियम युक्त खाद्य-पदार्थ मजबूत-स्वस्थ हड्डियों के निर्माण में मदद करते हैं, लेकिन अधिकांश बच्चों और किशोरों को पर्याप्त कैल्शियम नहीं मिल पाता है। यहां यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि बच्चों को आहार के माध्यम से कैल्शियम प्राप्त हो। डेयरी उत्पाद और नट्स इसका प्रमुख स्रोत हैं, जिसे रोजाना आहार का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए।



---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें