क्या आपका बच्चा भी एक जगह-एक काम पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पाता है? अगर हां, तो आप इस समस्या से जूझ रहे अकेले व्यक्ति नहीं हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बच्चों में बढ़ती मोबाइल और स्क्रीन की लत ने उनकी सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। ऑनलाइन पढ़ाई, गेमिंग, रील्स देखने और सोशल मीडिया के चक्कर में बच्चों का काफी समय स्क्रीन के सामने गुजर रहा है। कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन क्लास के कारण बच्चों के हाथों में मोबाइल पहुंचा था, लेकिन अब यह उनकी रोजमर्रा की आदत बन चुका है।
चिंता की बात यह है कि इसका असर सिर्फ उनकी आंखों या शारीरिक गतिविधियों पर ही नहीं पड़ रहा है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और दिमागी विकास भी इससे प्रभावित हो रहा है। लगातार मोबाइल देखने वाले बच्चों में एकाग्रता की कमी, चिड़चिड़ापन और नींद से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल रही हैं।
ऐसे में सवाल है कि आखिर स्क्रीन टाइम बच्चों के दिमाग को किस तरह प्रभावित कर रहा है?