भारत सहित दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में चाय, सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पेय में से एक है। भारत, चाय के उत्पादन और सेवन, दोनों में ही विश्व के शीर्ष देशों में शुमार है। चीन के बाद भारत, दुनिया का सबसे बड़ा चाय उत्पादक देश है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत में चाय की प्रति व्यक्ति खपत, हर वर्ष लगभग 750 ग्राम के करीब की है। मौसम कोई भी हो, भारत में आपको हमेशा चाय मिल जाएगी। चाय के उत्पादन और खपत को बढ़ावा देने के लिए हर साल 21 मई को 'इंटरनेशनल टी डे' के रूप में मनाया जाता है।
चाय पीने से होने वाले नुकसान और फायदों को लेकर लंबे समय से चर्चा की जाती रही है। कुछ लोग चाय को सेहत के लिए नुकसानदायक मानते हैं, जबकि कुछ अध्ययनों में इसके सेवन को सेहत के लिए कई प्रकार से फायदेमंद बताया गया है। क्या वास्तव में चाय पीना हमारी सेहत के लिए लाभदायक हो सकता है? अगर हां, तो इससे होने वाले नुकसान की चर्चा के पीछे क्या आधार हैं? आइए आगे इस बारे में विस्तार से जानते हैं।