कोरोना, वैश्विक स्तर पर गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों का कारण बनता हुआ देखा जा रहा है। कोरोना के संक्रमण के दौरान और इससे ठीक होने के लंबे समय के बाद तक भी लोगों में पोस्ट कोविड सिंड्रोम के कारण कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम देखा जा रहा है। अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि वायरस का संक्रमण शरीर के कई अन्य अंगों को भी क्षति पहुंचा रहा है, जिसने कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को भी बढ़ा दिया है। हालिया शोध में वैज्ञानिकों की टीम ने पाया कि संक्रमण का शिकार रहे ज्यादातर लोगों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या देखी जा रही है, जिसने हृदय रोगों के खतरे को भी बढ़ा दिया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कोविड-19 के संक्रमण ने लोगों में उच्च रक्तचाप विकसित होने का खतरा बढ़ा दिया है। इसके बाद अब हृदय रोग या स्ट्रोक जैसी गंभीर जटिलताओं का जोखिम भी बढ़ गया है। शोधकर्ताओं का कहना है कि जिन लोगों को हाल ही में कोरोना का संक्रमण रह चुका है, उन्हें इसके कारण होने वाली गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है।
संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों को एहतियातन भी ब्लड प्रेशर की जांच करा लेनी चाहिए, जिससे समस्या का समय रहते पता चल सके।