कोराना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए दुनियाभर के देशों में स्वास्थ्य विशेषज्ञ और वैज्ञानिक शोधरत हैं। इसकी वैक्सीन और दवा तैयार करने को लेकर पिछले कुछ दिनों में कई अच्छी खबरें भी सामने आई हैं। वहीं दूसरी ओर आयुर्वेद के जरिए भी कोरोना को मात देने के विकल्प तलाशे जा रहे हैं। आयुष मंत्रालय की ओर से कई तरह की औषधि को लेकर शोध कराए जा रहे हैं। इस बीच दिल्ली आईआईटी यानी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली के हालिया शोध अध्ययन में सामने आया है कि चाय और हरड़ भी कोरोना से लड़ने में मदद करती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, कोरोना काल में लोगों को इसका नियमित सेवन करना चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी इस शोध की सराहना की है।