हाइपोग्लाइसेमिया, एक गंभीर स्वास्थ्य स्थिति है, जिसको लेकर सभी लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी जाती है। हाइपोग्लाइसेमिया मतलब ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से कम हो जाना। लो ब्लड शुगर की यह समस्या डायबिटीज रोगियों में अधिक देखी जाती है, हालांकि बिना डायबिटीज के भी कुछ स्थितियों में इसका खतरा हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शुगर लेवल का बढ़ना और कम होना दोनों ही खतरनाक है, यही कारण है कि जिन लोगों को डायबिटीज की दिक्कत होती है उन्हें शुगर को कंट्रोल में रखने की सलाह दी जाती है। हाइपोग्लाइसेमिया की लंबे समय तक बनी रहने वाली स्थिति जानलेवा भी हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ के मुताबिक 140 mg/dL का शुगर लेवल सामान्य माना जाता है। इसका 70mg/dL से कम होना लो ब्लड शुगर या हाइपोग्लाइसेमिया का संकेत होता है। लगातार बनी रहने वाली यह स्थिति स्वास्थ्य जटिलताओं को बढ़ाने वाली हो सकती है।
डॉक्टर्स कहते हैं, लो ब्लड शुगर में तुरंत डॉक्टरी सलाह की आवश्यकता होती है, इसपर समय रहते ध्यान न देने की स्थिति जानलेवा भी हो सकती है। आइए इस समस्या के बारे में आगे विस्तार से जानते हैं।