हमारे शरीर का मैकेनिज्म ऐसा है, जिसमें अंगों को स्वस्थ रखने के लिए निरंतर ऑक्सीजन युक्त रक्त की आवश्यकता होती है और रक्त का संचार सही रखने के लिए जरूरी है कि आपकी रक्त वाहिकाएं स्वस्थ हों। स्वस्थ रक्त वाहिकाएं नरम और लचीली होती हैं ताकि रक्त आसानी से प्रवाहित हो सके, लेकिन उम्र के साथ प्लाक के निर्माण होने और कुछ अन्य बीमारियों के कारण धमनियां मोटी और सख्त हो जाती हैं। धमनियों में होने वाली इस तरह की समस्याओं के कारण शरीर के अंगों को पर्याप्त रक्त और ऑक्सीजन नहीं मिल पाता है जिससे दिल का दौरे और स्ट्रोक होने का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, डायबिटीज-ब्लड प्रेशर जैसे समस्याओं में रक्त वाहिकाओं को काफी नुकसान होता है। सभी लोगों को इनपर कंट्रोल करने के साथ आहार में कुछ चीजों को शामिल करने की सलाह दी जाती है जो नसों को स्वस्थ और लचीला रखने के साथ रक्त संचार को निरंतर जारी रखने में सहायक हो सकती हैं।
आइए जानते हैं कि इसके लिए किन चीजों का सेवन किया जा सकता है?