कोरोना वायरस मानव शरीर में प्रवेश करने के बाद विभिन्न अंगों को प्रभावित करता है। संक्रमण गंभीर होने पर फेफड़े, किडनी और अन्य कई अंगों को यह बुरी तरह चोटिल कर देता है। द लैंसेट माइक्रोब में प्रकाशित रिसर्च स्टडी में बताया गया है कि वायरस के कारण जिन मरीजों की मौत हुई, उनके फेफड़ों और किडनियों पर चोट के निशान थे। इंग्लैंड में कोविड 19 मरीजों पर हुई पोस्टमार्टम एग्जामिनेशन पर इंपीरियल कॉलेज लंदन और इंपीरियल कॉलेज हेल्थकेयर एनएचएस ट्रस्ट ने यह स्टडी की। इस स्टडी में मामलों की संख्या कम थी, लेकिन यह पोस्टमार्टम एग्जामिनेशन की सबसे बड़ी स्टडी बताई जा रही है। शोधकर्ताओं का दावा है कि इस स्टडी से मरीजों के इलाज में मदद मिलेगी।