Hot Water Bath Side Effects: सर्दियों के दिनों में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अक्सर कुछ लोग गर्म पानी से नहाना पसंद करते हैं। हालांकि यह आदत उस समय तो राहत देती है, लेकिन यह आपके स्वास्थ्य, खासकर त्वचा और हृदय को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। हमारी त्वचा पर एक प्राकृतिक तेल की परत होती है, जिसे सीबम कहते हैं, जो नमी को बनाए रखने का काम करती है। बहुत गर्म पानी इस प्राकृतिक तेल को पूरी तरह से धो डालता है।
ऐसे में बहुत गर्म पानी से नहाने से त्वचा रूखी, बेजान हो जाती है साथ ही खुजली और एलर्जी का जोखिम बढ़ जाता है। इतना ही नहीं, एक्जिमा जैसी त्वचा संबंधी बीमारियां ट्रिगर हो सकती हैं। इसलिए विशेषज्ञों का मानना है कि पानी को केवल 'गुनगुना' रखना ही समझदारी है, न कि 'खौलता हुआ', ताकि आपको नहाते समय ठंड भी न लगे और अपने स्वास्थ्य को सुरक्षित रख सकें।