कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को इसकी वैक्सीन का इंतजार है। लोग कोरोना से बचाव को लेकर अलग-अलग तरह के उपाय ढूंढ रहे हैं। खासकर शरीर की इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता को लेकर लोग इन दिनों ज्यादा जागरूक दिख रहे हैं। कोरोना महामारी के इस दौर में घरेलू उपायों और आयुर्वेद की ओर लोगों का झुकाव भी ज्यादा हुआ है। इस बीच आयुष मंत्रालय की ओर से भी कोरोना से बचाव के लिए, इम्यूनिटी बनाए रखने और बढ़ाने के लिए समय-समय पर तमाम तरह के उपाय बताए जा रहे हैं। गर्म पानी, च्यवनप्राश, अदरक, हल्दी, काढ़ा वगैरह को लोगों ने अपने खानपान का अहम हिस्सा बना लिया है। इनको लेकर लोगों के मन में तमाम तरह के सवाल उठते हैं। कौन सी चीजों का किस समय सेवन करें, कितनी मात्रा में सेवन करें.... इस तरह के कई सवालों के जवाब आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने आकाशवाणी के एक कार्यक्रम में दिए हैं।