क्या आपको भी कुछ दिनों से ज्यादा प्यास लग रही है, बार-बार मुंह सूखा रहता है? आमतौर पर इस तरह की दिक्कतों को डायबिटीज से जोड़कर देखा जाता है। डायबिटीज में ब्लड शुगर हाई रहने के कारण पेशाब की मात्रा बढ़ जाती है, इसके कारण आपकी प्यास भी बढ़ जाती है। पर हर बार ये डायबिटीज का ही संकेत हो ऐसे भी जरूरी नहीं है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अगर आपकी डाइट में नमक वाली चीजों की मात्रा ज्यादा है तो इसके कारण भी मुंह सूखने और ज्यादा प्यास लगने की दिक्कत बढ़ सकती है। जरूरत से ज्यादा सोडियम को पहले से ही सेहत के लिए हानिकारक माना जाता रहा है। ऐसे में अगर इस तरह के लक्षण हो रहे हैं तो अपनी डाइट पर भी ध्यान देना जरूरी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) वयस्कों के लिए रोजाना 2,000 मिलीग्राम से कम सोडियम लेने की सलाह देता है, जो लगभग एक छोटी चम्मच नमक के बराबर है। समस्या यह है कि अक्सर हम लोग नमक को सिर्फ भोजन में इस्तेमाल होने वाला नमक मान लेते हैं। पर जाने-अनजाने अचार, पापड़, नमकीन, पैकेज्ड स्नैक्स, सॉस से कहीं ज्यादा नमक शरीर में ले रहे होते हैं।