दुनियाभर में स्वास्थ्य लाभ के लिए वर्षों से कई सारी औषधियों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। एलोवेरा, ऐसे ही एक पौधे की प्रजाति है जिसमें कई औषधीय और पोषण संबंधी गुण मौजूद होते हैं, जिसे शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद माना जाता है। जलन और घाव के इलाज से लेकर त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने तक के लिए एलोवेरा जेल को प्रयोग में लाया जाता है। पर क्या आप जानते हैं, जेल के साथ एलोवेरा का जूस भी सेहत को कई तरह से लाभ पहुंचा सकता है? यही कारण है कि आयुर्वेद विशेषज्ञ रोजाना एलोवेरा जूस के सेवन की सलाह देते हैं।
अध्ययनों से पता चलता है कि एलोवेरा जूस में कई ऐसे पोषक तत्व और विटामिन्स पाए जाते हैं, जिनसे सेहत को विशेष लाभ मिल सकता है। इसमें बीटा-कैरोटीन भी पाया जाता है जो एंटीऑक्सिडेंट के रूप में कार्य करता है और रेटिना-कॉर्नियल फ़ंक्शन सहित आंखों के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हो सकता है। आइए रोजाना इस जूस के सेवन से सेहत को होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।