वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार शाम वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था में बड़े बदलाव की घोषणा की, इसे त्योहारों से पहले जनता की जेब पर बड़ी राहत माना जा रहा है। वित्तमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब जीएसटी व्यवस्था में दो ही कर स्लैब होंगे- 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत। इसके अलावा लग्जरी वस्तुओं के लिए 40 प्रतिशत का विशेष स्लैब निर्धारित किया गया है।
बुधवार को जनता को राहत देते हुए सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में से एक जीवनरक्षक दवाओं और औषधियों पर जीएसटी में कमी है। 33 जीवनरक्षक दवाओं पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 'शून्य' कर दिया गया है। इसके अलावा कैंसर, दुर्लभ बीमारियों और अन्य गंभीर क्रॉनिक बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली तीन जीवनरक्षक दवाओं और औषधियों पर जीएसटी 5 प्रतिशत से घटाकर 'शून्य' कर दिया गया है।
इंडियन फार्मास्युटिकल विशेषज्ञों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे बेहतर कदम बताया है। विशेषज्ञों ने कहा, जीवनरक्षक और कैंसर की दवाओं को जीएसटी से मुक्त करने का सरकार का फैसला मरीजों और उनके परिवारों को सीधी राहत देगा। इसी तरह, दवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला पर जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने से समग्र उपचार का बोझ कम करने और आवश्यक उपचारों को अधिक किफायती बनाने में मदद मिलेगी।