आयुर्वेद, दुनिया की सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों में से एक है। इसमें प्रयोग में लाई जाने वाली कई जड़ी-बूटियों को बेहद कारगर माना जाता है, जो कि तमाम तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में लाभदायक हो सकती है। कोरोना के इस दौर में दुनियाभर में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति काफी चर्चा में है। माना जाता रहा है कि कई जड़ी-बूटियों का नियमित रूप से सेवन करने से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है, साथ ही कई प्रकार के रोगों और संक्रमण से शरीर की रक्षा हो सकती है। गिलोय ऐसी ही एक औषधि है जिसे कोरोना के इस दौर में सबसे ज्यादा प्रयोग में लाया जा रहा है।
आयुर्वेद विशेषज्ञों के मुताबिक दैनिक रूप से गिलोय का सेवन करने वाले लोगों की इम्युनिटी काफी मजबूत रहती है, साथ ही उन्हें तमाम तरह के संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी कम होता है। एंटीऑक्सिडेंट, फाइबर और प्रोटीन के साथ-साथ टेरपेनोइड्स, अल्कलॉइड्स, लिग्नान जैसे यौगिकों के समूह वाले गिलोय के सेवन से कई तरह के स्वास्थ्य लाभ हो सकते हैं। आइए गिलोय से सेहत को होने वाले ऐसे ही कुछ फायदों के बारे में जानते हैं।