मानसिक सेहत का ध्यान रखना उतना ही जरूरी है जितना शरीर को स्वस्थ रखना। अगर तनाव और चिंता जैसी समस्याओं को लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाए, तो आगे चलकर यह अवसाद और दूसरी मानसिक परेशानियों का खतरा बढ़ा सकती हैं। हमारी मानसिक सेहत पर हमारी रोजमर्रा की आदतों का भी असर पड़ता है और इनमें खानपान की अहम भूमिका है।
जब हम तनाव में होते हैं या किसी बात को लेकर परेशान रहते हैं, तो अक्सर नमकीन, मीठी या जंक फूड जैसी चीजें खाने का मन करने लगता है। उस समय ये चीजें थोड़ी देर के लिए अच्छा महसूस करा सकती हैं, लेकिन अगर इनका सेवन बार-बार और ज्यादा मात्रा में किया जाए तो सेहत पर उल्टा असर पड़ सकता है। कुछ अध्ययनों में खराब खानपान और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के बीच संबंध भी देखा गया है।
आहार विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए खाने की प्लेट में पौष्टिक चीजों को जगह देना जरूरी है। फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, मेवे शरीर के साथ दिमाग के लिए भी फायदेमंद होती हैं। वहीं बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फूड, कैफीन और शराब का सेवन तनाव और नींद से जुड़ी परेशानियों को बढ़ा सकती है।