दूसरों की बर्थडे पार्टी, महंगी चीजें, घूमने-फिरने की तस्वीरें और दोस्तों की मस्ती देखकर क्या आपका बच्चा भी उदास हो जाता है? क्या उसे लगता है कि दूसरे बच्चों की जिंदगी उससे ज्यादा अच्छी है? अगर हां, तो यह फोमो यानी कुछ छूट जाने का डर हो सकता है।
सोशल मीडिया के दौर में बच्चों के बीच यह भावना तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में उन्हें हर खुशी का हिस्सा बनने की चिंता से निकालकर अपनी जिंदगी के छोटे-छोटे पलों में खुश रहना सिखाना जरूरी है। इसके लिए जोमो यानी जॉय ऑफ मिसिंग आउट एक उपयोगी तरीका हो सकता है।
फोमो का अर्थ है, किसी ऐसे अनुभव, गतिविधि या खुशी से वंचित रह जाने का डर, जिसका आनंद दूसरे ले रहे हैं। जब बच्चा पार्टी में न बुलाए जाने पर दुखी होता है या सोशल मीडिया पर दूसरों को देखकर अपनी जिंदगी को कम रोमांचक समझता है तो मनोवैज्ञानिक इसे 'फोमो' कहते हैं। यह भावना बच्चों में ईर्ष्या, तनाव, अकेलेपन और आत्मविश्वास की कमी को बढ़ा सकती है। वे दूसरों जैसा बनने के लिए अपनी पसंद और खुशियों को भी नजरअंदाज करने लगते हैं।