फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चिंताजनक: बच्चे भी हो रहे लिवर की इस साइलेंट बीमारी का शिकार, सभी माता-पिता को डॉक्टरों ने किया सावधान

Fri, 02 Oct 2026 12:15 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

World Congress of Gastroenterology 2026: भारत में फैटी लिवर के बढ़ते मामले चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार 100 भारतीय वयस्कों में से करीब 39 को यह समस्या है, जबकि बच्चों में अनुमान 35.4 प्रतिशत है। मोटापा और डायबिटीज इसका खतरा बढ़ाते जा रहे हैं। 
विज्ञापन
1 of 4
बच्चों में लिवर की बीमारियों का खतरा - फोटो : Amarujala.com/AI
हम अक्सर किसी बीमारी को तभी गंभीरता से लेते हैं, जब उसके लक्षण साफ दिखाई देने लगें या उसके कारण सेहत को दिक्कतें बढ़ जाएं। लेकिन कुछ बीमारियां ऐसी भी हैं जो लंबे समय तक बिना किसी खास संकेत के शरीर के अंदर बढ़ती रहती हैं। फैटी लिवर भी ऐसी ही एक समस्या है। लिवर की ये बीमारी तेजी से बढ़ती जा रही है और हर उम्र के लोग इसका शिकार देखे जा रहे हैं।

लिवर की कोशिकाओं में अतिरिक्त फैट जमा होने वाली ये बीमारी कई बार गंभीर समस्याओं का कारण भी बन सकती है जिसे लेकर लोगों को अलर्ट किया जाता रहा है। शुरुआत में इसका पता आसानी से नहीं चल पाता, यही कारण है कि धीरे-धीरे ये लिवर की सेहत को प्रभावित करने लग जाती है। लिवर की बीमारियों का नाम आते ही सबसे पहले लोगों का ध्यान शराब पर जाता है, हालांकि फैटी लिवर के मामलों के लिए सिर्फ शराब ही कारण नहीं माना जाता। मोटापा, डायबिटीज और खराब जीवनशैली भी इस बीमारी के जोखिमों को बढ़ाती जा रही है। 

हालिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि वयस्कों और बुजुर्गों के अलावा बड़ी संख्या में बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आते देखे जा रहे हैं। नई दिल्ली में आयोजित विश्व गैस्ट्रोएंटरोलॉजी कांग्रेस-2026 में विशेषज्ञों ने भारत में फैटी लिवर की बढ़ती समस्या को लेकर महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए।
विज्ञापन

2 of 4
लिवर की बीमारियों को लेकर अलर्ट - फोटो : Freepik.com
पाचन तंत्र की समस्याओं को लेकर विशेषज्ञों ने किया अलर्ट

विश्व गैस्ट्रोएंटरोलॉजी कांग्रेस-2026 (30 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026) में 61 देशों के करीब 3,000 विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य समस्याओं पर मंथन किया। चार दिवसीय विश्व गैस्ट्रोएंटरोलॉजी कांग्रेस भारत में पहली बार हो रही है। इसका विषय पाचन तंत्र के स्वास्थ्य में बदलाव, प्रकृति का संरक्षण है। लिवर और पाचन तंत्र की बीमारियों की पहचान और इलाज में अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई।
 
  • इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि भारत के 100 में से 39 वयस्कों को फैटी लिवर की समस्या है। चिंताजनक बात ये है कि बच्चे भी इसका शिकार होते जा रहे हैं। भारतीय बच्चों में भी यह अनुमान 35.4 % है।
  • स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि चूंकि फैटी लिवर के शुरुआती चरण में अक्सर साफ लक्षण दिखाई नहीं देते इसलिए इसको लेकर चिंता और बढ़ जाती है।
  • मोटापा, डायबिटीज और जीवनशैली से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी इस बीमारी को बढ़ाती जा रही हैं। 
 
विशेषज्ञों ने बताया कि फैटी लिवर डिजीज के साथ पाचन संबंधी समस्याएं भी कितनी आम हो चुकी हैं, इसपर भी विशेषज्ञों ने चर्चा की। यानी पेट से जुड़ी छोटी लगने वाली परेशानियां भी लंबे समय में बड़ी समस्याओं का संकेत हो सकती हैं। एम्स के विशेषज्ञों ने बताया कि दुनिया में हर तीन में एक व्यक्ति को कब्ज, दस्त या दूसरी पाचन संबंधी शिकायतों का सामना करना पड़ता है। 

कार्यक्रम के पहले दिन (30 सितंबर) को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि देश में लिवर और पाचन तंत्र की बीमारियों का बोझ बढ़ रहा है, जिसे लेकर सभी लोगों को अलर्ट रहने की आवश्यकता है।
विज्ञापन

3 of 4
बच्चों में लिवर की बीमारियों का खतरा - फोटो : adobe stock images
बच्चों में बढ़ रही लिवर की दिक्कतें

फैटी लिवर अब केवल बड़ों तक सीमित समस्या नहीं रह गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक भारतीय बच्चों में भी फैटी लिवर का खतरा बढ़ रहा है, जिसका अनुमान 35.4 प्रतिशत है। बच्चों में मोटापा और जीवनशैली से जुड़ी गड़बड़ियों के कारण ये बीमारी बढ़ती जा रही है। ऐसे में सभी माता-पिता को बच्चों के खान-पान, शारीरिक गतिविधि और बढ़ते वजन पर ध्यान देना जरूरी है। इसे केवल वजन बढ़ने की सामान्य समस्या मानकर छोड़ना ठीक नहीं है।
 
  • विशेषज्ञों ने फैटी लिवर को मोटापा, डायबिटीज और जीवनशैली से जुड़ी दूसरी समस्याओं के साथ जुड़ा हुआ बताया है।
  • हाई कैलोरी वाला खान-पान, शारीरिक गतिविधि की कमी और बढ़ता वजन शरीर के मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकते हैं।
  • इसलिए फैटी लिवर से बचाव की बात केवल लिवर पर ही नहीं, बल्कि पूरे मेटाबॉलिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी है।
विज्ञापन

4 of 4
पाचन स्वास्थ्य की समस्याएं चिंता का कारण - फोटो : Freepik.com
कब्ज-पेट फूलने की अनदेखी ठीक नहीं

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा,  कब्ज-पेट फूलने को सामान्य समझकर नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। एम्स विशेषज्ञों ने बताया कि मल में खून आना और निगलने में परेशानी ऐसे संकेत हैं, जिनपर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।

एआई आधारित जांच पर चल रहा काम 
 
शोधकर्ताओं ने बताया कि हमारे पाचन तंत्र से जुड़ी एक बेहद आम और क्रोनिक बीमारी- आईबीएस (इरिटेबल बाउल सिंड्रोम) के लिए डीप लर्निंग, सीलिएक रोग की बायोप्सी की मात्रा आधारित जांच और अग्न्याशय की गांठों की एआई आधारित जांच पर काम चल रहा है। लंबे समय तक रहने वाली सूजन और अग्न्याशय के कैंसर में भी एआई के इस्तेमाल की संभावनाएं देखी जा रही हैं।


--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। ये रिपोर्ट आज के समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गई है। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें